logo

दुमका में बोले मुख्यमंत्री- 1.36 लाख करोड़ के लिए केंद्र से होगी आर-पार की लड़ाई

HUM1.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
दुमका के गांधी मैदान में रविवार की रात झारखंड मुक्ति मोर्चा का 46 वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तेवर में दिखे। उन्होंने खनिज रॉयल्टी के रूप में झारखंड का बकाया एक लाख 36 हजार करोड़ रुपये केंद्र से हासिल करने के लिए आर-पार की लड़ाई का शंखनाद किया। उन्होंने कहा-केंद्र सरकार झारखंड के हक व अधिकारों की हकमारी कर रही है। खनिज रॉयल्टी का बकाया न देकर यहां की जनता के साथ अन्याय कर रही है। इसे हम किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। सड़क से सदन और कानूनी तौर पर लड़ कर अधिकार हासिल करेंगे।


हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्रीय बजट में झारखंड की उपेक्षा कर केंद्र सरकार ने यहां की जनता को छला है। उन्होंने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को गिनाते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में रोजगार के अवसर सृजित कर यहां से युवाओं के पलायन को रोकेंगे। इसके लिए राज्य में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने की योजना पर सरकार ने काम शुरू कर दी है। 


दुमका के मसानजोर में इको रिसोर्ट की शुरुआत इसी की कड़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने जिस भरोसे लोकसभा और विधानसभा चुनावों में हमें जनादेश दिया है, हम उसका हरहाल में सम्मान करेंगे। सरकार जनता से किए वायदों को पूरा कर रही है लेकिन केंद्र अड़ंगा लगाकर यहां के आदिवासी-मूलवासी के हक अधिकारों को छीनना चाहती है। गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री मंड्यां सम्मान योजना से महिलाओं का सम्मान बढ़ा है। दुमका के विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि झारखंड का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है। हमारी सरकार जनता के भरोसे पर खरा उतरेगी।